जोश और जज्बा बनाए रखें कार्यकर्त्ता भूपेश



भानपुरी :- प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व सांसद दीपक बैज ने ग्राम करंदोला में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भानपुरी के कार्यालय राजीव भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान नारायणपुर के विधायक एवं हस्तशिल्प विकास बोर्ड के अध्यक्ष चंदन कश्यप तथा अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

कार्यालय का उदघाटन करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि पिछले चुनाव में जिस तरह हमने पिछले चुनाव में भाजपा को हराया था, उसी तरह इस संवेदनशील क्षेत्र में नक्सलवाद को भी परास्त किया है। आने वाले चुनाव में भी हम सब मिलजुल कर भाजपा को करारी शिकस्त देंगे। भूपेश बघेल ने कहा कि अबूझमाड़ और नारायणपुर के मतदाता जागरूक हो चुके हैं, वे भाजपा के छल प्रपंच और झांसे में नहीं आएंगे।

श्री बघेल ने कहा कि हमारी सरकार ने राज्य के विकास, आदिवासियों, गरीबों, मजदूरों, किसानों और महिलाओं के कल्याण के लिए समर्पण भाव से काम किया है। हमारी सरकार की योजनाएं दूसरे राज्यों के लिए नजीर बन गई हैं। छत्तीसगढ़ मॉडल की पूरे देश में चर्चा हो रही है और यह हमारे लिए खुशी की बात है कि गैर कांग्रेस शासित राज्य भी छत्तीसगढ़ की योजनाओं को अपने यहां अमल में ला रहे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जिस ऊर्जा और जोश के साथ आप लोगों ने नारायणपुर में कांग्रेस का विधायक और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनाई, उसी ऊर्जा और जोश के साथ 2023 में भी कांग्रेस के विधायक और प्रदेश में सरकार बनाना है। कांग्रेस की सरकार के रहते बस्तर विकास और शांति की ओर लौट रहा है। बस्तर में अमन और शांति लाने की दिशा मे हम बेहतर कार्य कर रहे हैं। नारायणपुर में आपके विधायक के नेतृत्व में हमने आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रजी माध्यम विद्यालय, 4 नवीन तहसीलें खोली, नवीन महाविद्यालय, सड़क पुलिया बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने मे सफल रहे। ऐसा संभव है तो केवल कांग्रेस की सरकार में।

केदार कश्यप हवा में उड़ते रहे : बैज
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद बस्तर दीपक बैज ने केदार कश्यप पर निशाना साधते हुए कहा कि 15 साल तक उन्होंने केवल हेलिकॉप्टर से घूमने का कार्य किया इन्होंने नारायणपुर का विकास करने के बारे मे सोचा ही नहीं। अपने शासनकाल में उन्होंने आदिवासियों के घरों को जलाने, आदिवासियों की जमीन को हड़पने का कार्य किया। आदिवासियों के हित में कुछ नहीं किया और आज यही भाजपा आदिवासी हितैषी होने का ढोंग कर रही है। प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज भाजपा पर जमकर बरसे। विधायक चंदन कश्यप ने कहा कि आज हम प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व के विकास की दिशा में अग्रसर हैं। हमने आज नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र में नवीन तहसील, अस्पताल, महाविद्यालय, आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रजी माध्यम विद्यालय बनाए। प्रदेश की कांग्रेस सरकार से सभी वर्ग के लोग खुश हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व मे हम नवा छत्तीसगढ़ गढ़ने की ओर अग्रसर हैं। कार्यक्रम में बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं विधायक बस्तर लखेश्वर बघेल, अंतागढ़ के विधायक अनूप नाग सहित कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *