बालोद जिले के एएसआई धरम भूआर्य को डीजीपी ने किया कैश रिवॉर्ड से सम्मानित
बालोद। 68वीं अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट प्रतियोगिता में बालोद जिला पुलिसमें पदस्थ सहायक उप निरीक्षक धरम भूआर्य ने द्वितीय रैंक हासिल कर राज्य एवं बालोद जिला पुलिस को गौरवान्वित किया है।

10 से 15 फरवरी 2025 तक झारखंड के रांची में आयोजित 68वीं अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट प्रतियोगिता में भारत के सभी राज्यों की पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों के जवानों और अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता में विभिन्न स्पर्धाओं के तहत टेस्ट हुआ। इनमें पुलिस विभाग द्वारा अपराध को सुलझाने के लिए किए जाने वाले अनुसंधान, विवेचना कार्य के अंतर्गत जिला बालोद में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक धरम भूआर्य ने छत्तीसगढ़ पुलिस टीम को प्रतिनिधित्व करते हुए बतौर प्रतिभागी सांइटिफिक एड टू इन्वेस्टीगेशन में हिस्सा लिया। उक्त प्रतियोगिता में बेहतर आब्जर्वेशन टेस्ट के लिए धरम भूआर्य को ऑल इंडिया पुलिस में द्वितीय स्थान (सिल्वर मेडल) प्राप्त हुआ। धरम भूआर्य ने अपनी इस उपलब्धि से राज्य पुलिस को गौरवान्वित किया है। फलस्वरुप उत्साहवर्धन हेतु पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम द्वारा 5 हजार की नगद राशि एवं प्रशस्ति पत्र देकर धरम भूआर्य को सम्मानित किया गया।
