आस्था से खिलवाड़; 5 साल से अधूरा पड़ा है मातागुड़ी का निर्माण
बकावंड। ब्लॉक मुख्यालय बकावंड से मात्र 10 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत मसगांव के गडेयापारा में ल्लाडोकरा मातागुड़ी का निर्माण आज तक अधूरा पड़ा हुआ है। पांच साल पहले कांग्रेस शासनकाल में बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल द्वारा विधायक निधि से राशि स्वीकृत की गई थी, लेकिन अब तक गुड़ी का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि दीवार तो खड़ी कर दी गई, लेकिन काम अधूरा छोड़ दिया गया है। न तो छत डाली गई, न ही गुड़ी का स्ट्रक्चर तैयार हो पाया है। पांच साल बीत गए कांग्रेस शासन गया, भाजपा शासन आ गया, लेकिन गुड़ी का निर्माण आज भी अधर में लटका हुआ है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर गहरा रोष और नाराजगी है। ग्रामीणों ने सरपंच और सचिव की कार्यप्रणाली पर गंभीर संदेह व्यक्त किया है। विकास कार्यों में ऐसी लापरवाही ग्रामीण आस्था के साथ खिलवाड़ है। ग्रामीणों की भावनाओं को समझते हुए विधायक लखेश्वर बघेल ने गुड़ी निर्माण के लिए निधि स्वीकृत करवाई थी, लेकिन आज भी ल्लाडोकरा माता गुड़ी अधूरी पड़ी है जो प्रशासनिक उदासीनता और जिम्मेदारों की लापरवाही का स्पष्ट प्रमाण है। ग्रामीणों ने अधूरे निर्माण कार्य की जांच कराने,l और गुड़ी का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की है ताकि देवी स्थल को उसका पूर्ण रूप मिल सके और श्रद्धालुओं की वर्षों पुरानी आस्था को सम्मान मिल सके।
