बकावंड में बस्तर ओलंपिक 2025 की धूम; सैकड़ों खिलाड़ियों ने कराया पंजीयन

बकावंड। बस्तर कलेक्टर के निर्देशानुसार बकावंड विकासखंड में बस्तर ओलंपिक 2025 के तहत खेलों की शुरुआत ग्राम पंचायत स्तर पर हो चुकी है। जनपद पंचायत के सीईओ परेश्वर कुर्रे और सरपंच इसे सफल बनाने जी जान से जुटे हुए हैं।
जनपद पंचायत बकावंड के मुख्य कार्यपालन अधिकारी परेश्वर कुर्रे के सुगठित संयोजकत्व में ग्राम पंचायत करंजी में बस्तर ओलंपिक 2025 के तहत आयोजित भव्य खेल महोत्सव में महिलाओं और युवतियों के लिए कलस्टर जोन स्तरीय रस्साकशी प्रतियोगिता के साथ खेलों का शुभारंभ किया गया। ग्रामीणों में खेलों को लेकर उत्साह और उमंग का वातावरण देखने को मिला।
बस्तर ओलंपिक के लिए बकावंड ब्लॉक से सैकड़ों खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हैं।यह बड़ी भागीदारी इस बात का प्रतीक है कि बस्तर के ग्रामीण अंचलों में अब खेल एक जन आंदोलन के रूप में विकसित हो रहा है।आयोजन में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी परेश्वर कुरे, ग्राम पंचायत किंजोली के सरपंच, सचिव, सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और बस्तर ओलंपिक को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाने का संकल्प लिया। बता दें कि जनपद सीईओ परेश्वर कुर्रे स्वयं युवा हैं और खेल गतिविधियों में वे खासी रूचि भी रखते हैं। बड़ी बात तो यह है कि जनपद की अधिकांश ग्राम पंचायतों के सरपंच भी युवा और उत्साही हैं। युवा और ऊर्जावान अधिकारी परेश्वर कुर्रे का नेतृत्व मिलने से सरपंचों, गांवों के युवाओं और ग्रामीणों का जोश हाई लेवल पर है। सभी लोग बकावंड ब्लॉक में बस्तर ओलंपिक को शत प्रतिशत सफल बनाने में लगे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *