राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. वी.आर. भगत एवं जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सी. मैत्री ने बच्चों को पिलाया विटामिन ‘ए’ का सिरप
बिरींगपाल :- संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं, रायपुर छत्तीसगढ़ से आए राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. वी.आर. भगत ने जमीनी स्तर पर चल रही स्वास्थ्य सेवाओं, विशेषकर टीकाकरण की स्थिति का मैदानी स्तर पर जाकर जायजा लेने के उद्देश्य से उप स्वास्थ्य केंद्र परपा के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र पुजारीपारा, बिरींगपाल में आयोजित शिशु संरक्षण माह का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. भगत ने बच्चों को विटामिन ‘ए’ की खुराक पिलाई। उन्होंने ए.एन.एम. एवं आर.एच.ओ. से दी जा रही सेवाओं के बारे में जानकारी ली। आयरन सिरप, विटामिन ‘ए’ तथा वी.एच.एस.एन.डी. (ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण दिवस) में दी जाने वाली सेवाओं की भी विस्तृत जानकारी दी गई।
डॉ. भगत ने 7 अप्रैल से शुरू हो रहे ‘स्वस्थ बस्तर अभियान’ के अंतर्गत यूनिवर्सल हेल्थ स्क्रीनिंग की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि इस कार्यक्रम में क्षेत्र की सम्पूर्ण आबादी की स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जाए।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सी. मैत्री ने बताया कि वर्तमान में 17 मार्च से 21 अप्रैल 2026 तक शिशु संरक्षण माह मनाया जा रहा है। इस माह के दौरान 6 माह से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को आयरन सिरप तथा 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन ‘ए’ की दवा दी जा रही है।
इस अवसर पर राज्य से आए सलाहकार मुमताज अंसारी, सुपरवाइजर प्रशांत श्रीवास्तव, आर.एच.ओ. गोपेश शोम, रमशीला मरकाम, सुशीला तिवारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भुनेश्वरी पांडे, आंगनबाड़ी सहायिका डिगेश्वर कश्यप, मितानिन मनबती साहू एवं सोमारी कश्यप सहित लाभार्थी उपस्थित थे।
