राजनगर ग्राम पंचायत में चल रहा है अनियमितताओं और गड़बड़ी का राज


निर्माण कार्यों में गड़बड़ी कर रहे हैं सरपंच और सचिव


बकावंड (अर्जुन झा ):-विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत राजनगर में भी निर्माण कार्यों में गड़बड़ी कर राशि हजम करने का खेल चल रहा है। पंचायत द्वारा कराए गए निर्माण कार्य अल्प समय में ही जर्जर होते जा रहे हैं। सीसी रोड भी ग्राम पंचायत के कर्णधारों की कारगुजारी की पोल खोल रही है।
ग्रामीणों को सड़क, नाली, भवन जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए शासन से मिलने वाली राशि को हथियाने में ग्राम पंचायत राजनगर के सरपंच और सचिव पीछे नहीं रह गए हैं। ग्राम पंचायत राजनगर के बोरगुड़ा परा में मंगलदेई के घर से गुड्डू घर तक 200 मीटर सीसी रोड बनाई गई है। सीसी रोड के निर्माण में गुणवत्ता का जरा भी ध्यान नहीं रखा गया। गिट्टी, रेत, सीमेंट कम मात्रा में उपयोग की गई है। कुछ ही दिनों बाद सेसीसी रोड जवाब देने लगी है। रोड बुरी तरह जर्जर हो चली है और सीमेंट गायब हो चुकी है। पूरी रोड पर रेत ही रेत नजर आ रही है। कई जगह गड्ढे भी हो गए हैं। इस कारण दुर्घटना होने की संभावना बढ़ गई है। सीसी रोड के निर्माण के समय स्थल पर सूचना पटल भी तक नहीं लगाया गया। इस बारे में सरपंच मोहन लाल भारती से पूछने पर वे कोई जवाब नहीं दे रहे हैं। बोरगुड़ा पारा के अनेक ग्रामीणों ने सीसी रोड निर्माण की जांच और संबंधित पंचायत प्रतिनिधियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *