निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्तायुक्त पारदर्शिता के साथ करें -उप मुख्यमंत्री

बीजापुर :- बीजापुर के एक दिवसीय प्रवास पर पहुंचे उप मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन अरूण साव बस्तर संभाग बीजापुर, नारायणपुर, सुकमा एवं दंतेवाड़ा जिला के लोक स्वास्थ्यं यांत्रिकी, लोक निर्माण विभाग, नगरीय प्रशासन सहित बीजापुर जिले के विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। जिसमें अंदरूनी क्षेत्रों में सड़कों, पुल-पुलियों के निर्माण कार्यो में तेजी लाने समय-सीमा में गुणवत्तायुक्त कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए वहीं निर्माण कार्यों को अनावश्यक लेट लतीफी करने वाले गुणवत्ता पर ध्यान नहीं देने वाले ठेकेदारों के कार्यों को निरस्त कर ब्लैक लिस्टेड करने के सख्त निर्देश दिए। बीजापुर के आवापल्ली बासागुड़ा, जगरगुंडा मार्ग की वस्तुस्थिति से अवगत होकर दिसम्बर माह तक निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
नेलसनार से गंगालूर, तक 50 किलोमीटर बन रहे सड़क जिनका 11 किलोमीटर निर्माण बाकि है। निर्माण कार्य में गुणवत्ता और समय-सीमा का ध्यान रखने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए है। वहीं बीजापुर से भोपालपटनम मार्ग में मोदकपाल के पास सड़क दुर्घटनाओं से नाराजगी व्यक्त करते हुए आवश्यक उपाय अमल पर लाकर दुर्घटनाओं में अंकुश लगाने की बात कही।
जल जीवन मिशन अंर्न्तगत कार्य की महत्ता को समझने भारत सरकार द्वारा निर्धारित समय-सीमा दिसंबर 2024 तक शेष कार्यो को पूर्ण करने को कहा।
बीजापुर सहित सुकमा, नारायणपुर, दंतेवाड़ा के नगर-निकाय के समस्त सीएमओ को प्रधानमंत्री आवास का सर्वे तीन चरणों में सर्वे करते हुए सभी पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
बीजापुर जिले की विकास योजनाओं एवं संचालित योजनाओं को कलेक्टर संबित मिश्रा द्वारा पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत करते हुए विस्तृत जानकारी दी जिसमें नियद नेल्लानार योजनाओं के सफल क्रियान्वयन से अंदरूनी क्षेत्रों में विकास, बस सुविधा, सेन्ट्रल लाईब्रेरी सहित जन्म के बाद दी जाने वाली आवश्यक दस्तावेज जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र एवं राशन कार्ड में नाम प्रविष्टि सहित ग्राम सभा के प्रस्ताव के आधार पर जाति प्रमाण पत्र बनाने की विशेष पहल को बताया गया।
उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने बीजापुर में विभागीय योजनाओं के सफल क्रियान्वयन हेतु कलेक्टर संबित मिश्रा के कुशल नेतृत्व की सराहना करते हुए अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि बीजापुर एवं बस्तर संभाग सुदूरवर्ती एवं दूरस्थ जिला है। यहां काम करने में कई बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है जो चुनौतियों का सामना करते हुए कार्य करने का अलग ही सुखद अनुभव होता है। आपसभी सौभाग्यशाली हो जो सरल, सहज, आदिवासी भाई बहनों के दुःख तकलीफों को दूर करके उनको बेहतर जिंदगी दे रहे हो। हमेशा जनता के तकलीफों को समझने और उनसे प्रेम पूर्वक बातें करके उनकी समस्याओं का समाधान निकाले।
इस अवसर पर सचिव लोक निर्माण विभाग डॉ0 कमलप्रीत सिहं, सचिव लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी अब्दूल कैंसर हक, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, कलेक्टर संबित मिश्रा, पुलिस अधीक्षक डॉ0 जितेन्द्र यादव, सीईओ जिला पंचायत हेमंत रमेश नंदनवार, डीएफओ रामाकृष्णा, रंगानाथा वाय, उप निर्देशक इन्द्रावती टाईगर संदीप बल्गा सहित पीएचई, लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण, नगरीय प्रशासन के संयुक्त संचालक सहित नारायणपुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर के कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी तथा बीजापुर जिले के वरिष्ठ अधिकारीगण, एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *