नैमेड में ब्लॉक स्तरीय साइकिल प्रतियोगिता का सफल आयोजन, 36 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
बीजापुर (16 अगस्त)। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में क्षेत्र की जिला पंचायत सदस्य नीना रावतिया उद्दे के सौजन्य से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी ब्लॉक स्तरीय सद्भावना साइकिल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों से कुल 36 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
साइकिल रेस नैमेड बस स्टैंड से प्रारंभ होकर मिंगाचाल तक गई तथा वहां से पुनः नैमेड बस स्टैंड पहुंचकर समाप्त हुई। लगभग 10 किलोमीटर की इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने जोश एवं खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में ग्राम पापनपाल के पाकलू कुड़ियाम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्हें प्रथम पुरस्कार के रूप में साइकिल एवं ट्रॉफी जिला पंचायत सदस्य नीना रावतिया उद्दे (क्षेत्र क्रमांक-07, नैमेड) द्वारा प्रदान की गई।
द्वितीय स्थान ग्राम एरमनार के पोदीयो माड़वी ने प्राप्त किया, जिन्हें 3000 रुपये नगद एवं ट्रॉफी जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर के उपाध्यक्ष उमाशंकर जुमड़े द्वारा प्रदान की गई।
तृतीय स्थान पर रहे राहुल राना (ग्राम पापनपाल) को 1500 रुपये नगद एवं ट्रॉफी सरपंच ग्राम पंचायत नैमेड ललिता ओयम द्वारा प्रदान की गई।
चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाले धनसिंह कोवासी (ग्राम केतनपाल) को 1000 रुपये नगद एवं ट्रॉफी विधायक प्रतिनिधि अखिलेश उप्पल द्वारा प्रदान की गई।
इसके अलावा सांत्वना पुरस्कार के रूप में संतु राम कुड़ियाम, भीमा कुड़ियाम, मनीष कुड़ियाम, मांगू कुड़ियाम, परमेश पटेल सहित अन्य प्रतिभागियों को विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा 500-500 रुपये नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य नीना रावतिया उद्दे ने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर आयोजित यह साइकिल प्रतियोगिता युवाओं को खेलों से जोड़ने तथा उन्हें नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने का एक प्रयास है।
उद्दे ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा है, लेकिन प्रतियोगिता में भाग लेना ही सबसे बड़ी उपलब्धि होती है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले जनप्रतिनिधियों, ग्रामवासियों, युवाओं एवं आयोजन समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी क्षेत्र में ऐसे खेल एवं प्रतिभा प्रोत्साहन कार्यक्रमों का आयोजन जारी रखने की बात कही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर के अध्यक्ष लालू राठौर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं आपसी भाईचारे की भावना विकसित करती हैं।
राठौर ने जिला पंचायत सदस्य नीना रावतिया उद्दे द्वारा आयोजित इस ब्लॉक स्तरीय साइकिल प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा युवाओं, खिलाड़ियों एवं ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध रही है तथा भविष्य में भी ऐसे सकारात्मक आयोजनों को समर्थन देती रहेगी।
कार्यक्रम का सफल संचालन आनंद राव ने किया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लालू राठौर, जिला पंचायत सदस्य नीना रावतिया उद्दे, उमाशंकर जुमड़े उपाध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी, अखिलेश उप्पल विधायक प्रतिनिधि ग्रामीण, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सोमारु राम कश्यप, बुदरू कुड़ियाम जी सरपंच मुसालूर, सोनू क़ुरसेम सरपंच दुगोली, lachhu राम ओयम भूतपूर्व सरपंच नैमेड, सुखराम कुड़ियाम सरपंच एरामनार, सरिता ओयम सरपंच कडेर, प्रवीण उद्दे, विजयपाल शाह मंडावी, लछु ओयम, रुपेश साहू, मनोज पटेल, एजाज खान, बब्बू राठी, कविता यादव, सुरेंद्र कुड़ियाम, मनोज पटेल, मोंटी यादव, सुकालू, सोनू भदौरिया, लक्ष्मण कड़ती, ममता पांडे, बबिता झाड़ी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, युवा एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे खेल एवं सामाजिक आयोजनों को निरंतर जारी रखने की बात कही।
